बदायूं। आठवें आयुर्वेद दिवस पर शुक्रवार को जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। विधायक महेशचंद्र गुप्ता और डीएम मनोज कुमार ने ने हरी झंडी दिखाकर कलक्ट्रेट से रैैली रवाना की।
हर दिन-हर किसी के लिए आयुर्वेद के तहत कलक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। इस दौरान क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. राघवेन्द्र मोहन, पूर्व विधायक प्रेम स्वरूप पाठक आदि मौजूद रहे। अतिथियों को यूनानी अधिकारी ने पौधे भेंट किए। आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान धन्वंतरि की स्मृति में धनतेरस को आयुर्वेद दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरकार जनमानस आयुर्वेद के प्रति जागरूक करने के लिए भरसक प्रयास कर रही है।
किसानों को भी किया जाएगा जागरूक
प्रदेश के किसानों के मध्य राष्ट्रीय औषधि पादपबोर्ड की ओर से विकसित 110 प्रकार के औषधीय पौधों की खेती के बारे में जागरूक किया जा रहा है। औषधीय पौधों की खेती हर्बल कीट नियंत्रण की आयुर्वेदिक विधियों के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा।
-
संतुलित जीवन शैली का पढ़ाया पाठ
संतुलित जीवन शैली, उचित खान-पान, व्यायाम आदि को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। इनमें स्वास्थ्य एवं औषधियों के विषय में जन सामान्य को परामर्श देने के लिए आयुष की समस्त विधाओं (आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी) के चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके।
मुख्य चौराहों और कार्यालयों में लगाए जाएंगे बैनर
आमजनों में आयुर्वेद पद्धति को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से बढ़ावा देने तथा जनआरोग्य को सुनिश्चित किये जाने के उद्देश्य से जन चेतना जाग्रत करने हेतु नगर में मुख्य चौराहों, कार्यालयों में बैनर लगवाए जाएंगे। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के कार्यालय और जिला चिकित्सालय परिसर के बाहर सेल्फी प्वॉइंट भी बनाया गया है।