बदायूं। भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब उपभोक्ता अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप लगाकर बिजली बिल में बचत कर सकते हैं।
नेडा के परियोजना अधिकारी ने बताया कि योजना का शुभारंभ 13 फरवरी 2024 को हुआ था। इसके अंतर्गत देशभर में 1 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 25 लाख सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है। बताया कि अब तक जनपद बदायूं में 721 उपभोक्ताओं ने अपने घरों पर सोलर पैनल लगवाए हैं।
बताया कि योजना के अंतर्गत भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा अधिकतम 1.08 लाख तक की सब्सिडी दी जा रही है। सोलर रूफटॉप लगाने से उपभोक्ताओं का बिजली बिल बहुत कम या शून्य तक पहुंच जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सब्सिडी का लाभ केवल यूपीनेडा द्वारा इम्पैनल्ड वेंडर्स से सोलर पैनल लगवाने पर ही मिलेगा। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता pmsuryaghar.gov.in वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, इस योजना के अंतर्गत कार्य करने के इच्छुक नागरिक upnedasolarrooftopportal.com पर अपना इम्पैनलमेंट भी करा सकते हैं। संवाद