पुर में पेड़ काटने के विरोध में एक युवक की हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। इसमें कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
मामला सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव आनंदीपुर का है। यहां के प्यारे मियां पुत्र कल्लू खां के मुताबिक उसके गांव के आरोपी चाहत अली, मोहम्मद इस्लाम उर्फ लल्ला और इशरत अली झगड़ालू किस्म के व्यक्ति हैं। उसके परिवार से रंजिश चल रही है। 16 अप्रैल को आठ बजे उसका चचेरा भाई मुदस्सिर अली खेत पर गया था। वहां आरोपी पहले से मौजूद थे और उनके खेत में खड़े पेड़ काट रहे थे। मुदस्सिर ने उन्हें देखकर रोकना चाहा लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और गला दबाकर उसकी हत्या की कोशिश की। इस पर मुदस्सिर ने शोर मचा दिया, जिससे मौके पर कई लोग पहुंच गए। उन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग गए। इस संबंध में प्यारे मियां ने कोतवाली आकर पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने विवेचना कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
एसएसपी को भी दिया पत्र
प्यारे मियां ने पुलिस को बताया है कि मोहम्मद इस्लाम उर्फ लल्ला के विरुद्ध आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे थाना कोतवाली में दर्ज हैं। उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय से झगड़ा करने के जुर्म में शांति भंग करने के आरोप में मुचलका में भी पाबंद है, जिसका मामला न्यायालय में चल रहा है। उसके कई भूमाफिया से संबंध हैं और लोगों की भूमि पर जबरन कब्जा करके उनके साथ मारपीट करने का धंधा वह काफी समय से चला रहा है। उन्होंने इस संबंध में एसएसपी को भी पत्र दिया है।