बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर खंडुआ में संपत्ति विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट और घर पर अवैध कब्जे की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने उनके सगे चचेरे देवरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
थाना क्षेत्र के गांव खंडुआ निवासी गुड्डो देवी ने बताया कि उनके चचेरे देवर राजा और अजीत ने पूर्व में अपनी जमीन पीड़िता को बेची थी, जिसे बाद में उन्होंने वापस ले लिया। अब आरोपी दबंगई के बल पर पीड़िता के मकान पर भी अवैध कब्जा करना चाहते हैं।
आरोप है कि 28 जनवरी की रात करीब आठ बजे दोनों आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट की। साथ ही पीड़िता के पति मंजीत और जेठ के लड़के को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आरोपी भाग गए। थाना उघैती पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उपनिरीक्षक रणधीर सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है।