बदायूं। सहसवान कस्बे के नसरूल्लागंज में मोहल्ले के ही एक युवक ने सगी मासूम बहनों के अपहरण की कोशिश की। मौके पर भीड़ जुटने पर आरोपी दोनों बच्चियों को छोड़कर भाग निकला। बच्चियों के मामा की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सहसवान कस्बे के मोहल्ला नसरूल्लागंज निवासी मोहसिन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे के करीब उसकी भांजी इकरा (8) और जुबैरिया (7) पुत्री जफर घर के बाहर गली में खेल रहीं थीं। इसी बीच मोहल्ले का ही निसार पुत्र नन्हे दोनों बच्चियों को अकेला देख उन्हें गोद में उठाकर ले जाने लगा। दोनों बच्चियां रोने बिलखने लगी।
रोने बिलखने की आवाज सुनकर मोहल्ले के मुकीश, रिहान आदि घरों से बाहर निकल आए। इन लोगों ने निसार से दोनों बच्चियों को ले जाने का कारण पूछा। इस पर निसार सहम गया और दोनों बच्चियों को मौके पर छोड़कर भाग गया। मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर निसार के खिलाफ अपहरण के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका है। सहसवान कोतवाल आरबी सिंह ने बताया कि आरोपी ने दोनों बच्चियों के अपहरण का प्रयास किया था। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश में दबिश दी जा रही है।