बिसौली। एसडीएम ज्योति शर्मा व ईओ नवनीत कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को हाईवे पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कई जगह व्यापारियों ने अभियान का विरोध किया। पालिका प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों से 33 हजार पांच सौ रुपये का जुर्माना भी वसूला।
मंगलवार को एसडीएम ज्योति शर्मा के नेतृत्व में पालिकाकर्मी जेसीबी लेकर हाईवे किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे। इस दौरान पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन कुछ जगहों पर पालिका कर्मियों को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा।
एसडीएम व ईओ ने व्यापारियों को समझाकर शांत किया। तहसील चौराहे से शुरू हुए अभियान का सफर अटल चौक पर जाकर खत्म हुआ। अटल चौक पर अतिक्रमण हटाने के दौरान एक व्यक्ति मामूली रूप से चोटिल भी हो गया। इस दौरान प्राचीन रामलीला मैदान के सामने सरकारी भूमि पर सामान रखने के दंडस्वरूप एक दुकानदार पर 25 हजार का जुर्माना लगाया गया। पालिका प्रशासन द्वारा कुल 33 हजार पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत भी दी।
ईओ नवनीत कुमार ने बताया कि अभियान सात दिनों तक चलेगा। इस दौरान पालिका के राजस्व निरीक्षक राजीव कुमार, लिपिक यशोदानंदन, विकास बाबू, जितेंद्र कुमार, सफाई नायक राजेश बाबू, अजय वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
-
नियमानुसार की जाए कार्रवाई
बिसौली। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष कृष्ण अवतार शर्मा, महामंत्री धर्मेंद्र वार्ष्णेय व कोषाध्यक्ष नरेंद्र दिवाकर ने ईओ नवनीत कुमार से मिलकर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने की मांग की। व्यापारी नेताओं का कहना था कि व्यापारियों को अनुचित परेशान न किया जाए, वहीं नाले के पीछे किसी दुकानदार पर कार्रवाई न की जाए।