बदायूं। जिलेभर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला लगा। इन मेलों में बुखार, खांसी, जुकाम, बदन दर्द, एलर्जी और त्वचा रोग से पीड़ित मरीज सबसे अधिक पहुंचे। वहीं फैजगंज बेहटा में दोपहर तक ओपीडी शुरू न होने से मरीज लौट गए, जबकि दबतोरी, रसूलपुर कला और म्याऊं में डॉक्टरों ने मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया।
म्याऊं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार गंगवार ने बताया कि सबसे अधिक मरीज मौसमी बुखार से पीड़ित मिले। डॉक्टरों ने लोगों को स्वच्छ पेयजल, संतुलित आहार और मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी। मरीजों ने मेले को उपयोगी बताते हुए समय-समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग भी उठाई।
दबतोरी : 60 मरीज पहुंचे, तीन की शुगर निकली अधिक
दबतोरी। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अपराह्न दो बजे तक 60 मरीजों का उपचार किया गया। अधिकांश मरीज खांसी, बुखार, बदन दर्द और एलर्जी से पीड़ित पहुंचे थे। 29 मरीजों की हीमोग्लोबिन, शुगर, मलेरिया, टाइफाइड और पीलिया की जांच कराई गई। इनमें तीन मरीजों की शुगर निर्धारित मानक से अधिक पाई गई, जबकि अन्य सभी रिपोर्ट सामान्य रहीं। संवाद
फैजगंज बेहटा में दोपहर तक नहीं खुली ओपीडी, मरीज लौटे
फैजगंज बेहटा। नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दोपहर 12 बजे तक ओपीडी शुरू नहीं होने से अधिकांश मरीज बिना उपचार लौट गए। वहीं, होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. प्रियंका कुशवाहा ने 20 मरीजों का परीक्षण कर दवाएं वितरित की। चिकित्सा अधिकारी का स्थानांतरण होने के बाद नए डॉक्टर की तैनाती नहीं हुई है। केंद्र पर फार्मासिस्ट का पद भी लंबे समय से खाली है, जबकि परिसर में साफ-सफाई न होने से घास उग आई है। संवाद
रसूलपुर कला में बुखार, खांसी और जुकाम के मरीज अधिक पहुंचे
जरीफनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलपुर कला में 68 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. पियूष यादव ने मरीजों का उपचार कर दवाएं वितरित की। अधिकांश मरीज खांसी, जुकाम, बुखार और बदन दर्द से पीड़ित मिले। स्वास्थ्य कर्मियों ने बीपी और शुगर की जांच भी की। बरसात के मौसम में स्वच्छता और मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधरोपण भी किया गया। संवाद
अलापुर : 39 मरीजों का उपचार, छह की हुई मलेरिया जांच
अलापुर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलापुर में चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने 39 मरीजों का उपचार किया। छह मरीजों की मलेरिया जांच कराई गई। ओपीडी में आने वाले अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, खुजली और अन्य मौसमी बीमारियों से पीड़ित थे। चिकित्सकों ने लोगों से साफ-सफाई रखने, मच्छरों से बचाव करने और बुखार होने पर तत्काल जांच कराने की अपील की। संवाद
फैजगंज बेहटा में ओपीडी देर से खुलने की जानकारी मिली है। ऐसा क्यों हुआ, इसकी जांच कराई जा रही है। अगर कारण स्पष्ट नहीं किया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. विकास शर्मा, सीएमओ
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलपुर कला में मरीजों की जांच की गई। संवाद