राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रवक्ता प्रदीप कुमार पावरलिफ्टिंग में प्रतिभाग करते हुए। स्रोत स्वयं
बदायूं। जिले के दो सरकारी कर्मचारियों ने अपनी मेहनत और लगन से पावरलिफ्टिंग खेल में बड़ा मुकाम हासिल किया है। राज्य स्तरीय सिविल सर्विसेज चयन व ट्रायल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों का चयन यूपी टीम के लिए हो गया है। अब ये खिलाड़ी नेशनल स्तर पर होने वाली ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज टूर्नामेंट में दमखम दिखाएंगे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन तीन और चार सितंबर को विभिन्न जिलों के स्टेडियम में किया गया। पावरलिफ्टिंग का ट्रायल गाजियाबाद के महामाया स्पोर्ट्स स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस ट्रायल में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में तैनात स्टेनो आसिम खान ने 83 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 555 किलोग्राम भार उठाया। इस उपलब्धि के दम पर उन्होंने यूपी टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, राजकीय पॉलिटेक्निक बदायूं के पेंट टेक्नोलॉजी विभाग में प्रवक्ता प्रदीप कुमार ने भी ताकत और जज्बे का बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 105 किलोग्राम भार वर्ग में 760 किलोग्राम भार उठाकर सबको चौंका दिया और यूपी टीम के लिए चयनित हो गए। दोनों खिलाड़ियों के चयन से न सिर्फ जिले का नाम रोशन हुआ है, बल्कि खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर है। आसिम और प्रदीप नेशनल स्तर पर भी अपना परचम लहराकर प्रदेश और जिले का मान बढ़ाएंगे।
राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रवक्ता प्रदीप कुमार पावरलिफ्टिंग में प्रतिभाग करते हुए। स्रोत स्वयं