-सपा ने शेखूपुर के पूर्व विधायक को जिलाध्यक्ष बनाया
जिले में सपा की कमान आशीष यादव को मिली है। उनको पार्टी ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष बनाकर पिता बनवारी सिंह यादव की कुर्सी को संभालने का मौका दिया। एमएलसी बनवारी सिंह सपा के स्थापना काल से लगातार जिलाध्यक्ष रहे। पिछले महीने उनके निधन के बाद पार्टी के नए जिलाध्यक्ष को लेकर लगाए जा रहे कयासों में पहला नाम आशीष यादव का ही था। इस पर पार्टी हाईकमान ने मुहर लगा दी। मंगलवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अनुमति से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मनोनयन पत्र जारी कर दिया। इसके बाद आशीष यादव का उनके समर्थकों ने स्वागत किया।
सांसद धर्मेंद्र यादव और सहसवान के विधायक तथा पूर्व राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव और डीसीबी के चेयरमैन बृजेश यादव समेत कई नेताओं ने जिलाध्यक्ष बनने पर आशीष यादव को बधाई दी। वहीं, नए जिलाध्यक्ष आशीष यादव का कहना है कि सबको साथ लेकर चलेंगे। पार्टी को जिले में और मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। जनहित के मुुद्दों पर संघर्ष करने का पार्टी का सिद्धांत रहा है, उसके लिए रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकर्ता अभी से लोकसभा चुनाव के लिए पूरे दमखम से जुटेंगे। इससे पहले होने वाले नगर निकाय और स्थानीय निकाय चुनाव में भी पूरी तैयारी से जुटकर कामयाबी हासिल करेंगे। पार्टी हाईकमान ने जिस विश्वास के साथ जिम्मेदारी सौंपी है, उसको बखूबी निभाने की कोशिश होगी। बता दें कि आशीष यादव दो बार विधायक रह चुके हैं।