बदायूं। आषाढ़ अमावस्या पर 14 जुलाई को कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर लाखों श्रद्धालुओं के स्नान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 24 घंटे का विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 13 जुलाई की रात आठ बजे से 14 जुलाई की रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान ट्रक, ट्रॉला, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत हल्के और भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। सिर्फ श्रद्धालुओं के वाहनों को विशेष छूट रहेगी।
पुलिस के अनुसार, बदायूं से हाथरस, अलीगढ़, मथुरा और राजस्थान जाने वाले वाहन उझानी बाइपास, मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर और बबराला होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं कासगंज, एटा और आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को नौशेरा तिराहा, कादरचौक और गंजडुंडवारा मार्ग से निकाला जाएगा।
मुजरिया चौराहे तथा सहसवान-कछला रोड से किसी भी सामान्य वाहन को कछला होकर कासगंज की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। डायवर्जन व्यवस्था नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाइपास, मुजरिया चौराहा और सहसवान-कछला रोड पर संबंधित थाना पुलिस व यातायात पुलिस की निगरानी में लागू रहेगी।
सीओ सिटी राहुल पांडेय ने कहा कि यह डायवर्जन गंगा स्नान के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर लागू नहीं होगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करने और यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।