चक्कर वाली सड़क पर स्थित मस्जिद। संवाद
बदायूं। रमजान माह की शुरुआत के साथ ही शहर में साफ-सफाई को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। खासतौर पर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए सफाई कराई गई, ताकि रोजेदारों और नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर पालिका की ओर से सफाई अभियान के दौरान प्रमुख चौराहों और तिराहों पर कचरा हटाने के साथ-साथ चूना डलवाया गया। इसके अलावा मस्जिदों के बाहर और आसपास विशेष सफाई कराई गई। नालियों की सफाई कर गंदगी हटाई गई, जिससे दुर्गंध और मच्छरों की समस्या न हो। नगर पालिका के कर्मचारियों ने सुबह से ही सफाई कार्य शुरू कर दिया था, जो दिनभर चलता रहा।
नगर पालिका अधिकारियों ने बताया कि रोजा के दौरान साफ-सफाई के साथ-साथ पेयजल व्यवस्था को भी बेहतर किया गया है। पानी की सप्लाई पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि लोगों को साफ और पर्याप्त पानी मिल सके। इसके लिए टंकियों की सफाई और पाइपलाइन की जांच भी कराई जा रही है।
नगर पालिका ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने कहा है कि यह अभियान पूरे रमजान माह के दौरान जारी रहेगा और शहर की स्वच्छता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।