उझानी। देवी जागरण मंडली के कलाकार की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ने पर इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की असल वजह को लेकर पसोपेश में पुलिस भी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंच गई। मृतक के पिता ने पुलिस कार्रवाई और शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार कर दिया।
मामला कस्बे में मोहल्ला गौतमपुरी का है। देवी जागरण मंडली के कलाकार अजीत सागर (25) की शुक्रवार दोपहर अचानक ही हालत बिगड़ गई। घर में उस वक्त मां बसंती और छोटे भाई मौजूद थे। बेटे की हालत बिगड़ती देख बसंती ने मंडी से पति बाल कुमार को बुला लिया। परिवार के लोग प्राथमिक उपचार के बाद अजीत को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां इलाज के दौरान अजीत की मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर कोतवाली से पुलिस कर्मी भी पहुंच गए।
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि अजीत के पेट में दर्द होने लगा था। इसके बाद ही उसकी हालत बिगड़ती चली गई। उन्होंने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से भी मना कर दिया। इसके विपरीत मोहल्ले में यह भी शोर मचा कि कमरे में बेहोश मिले थे।
दादी मुन्नी देवी ने बताया कि अजीत अपने माता- पिता के साथ किराए के मकान में रहता था। मृतक अजीत पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। भाई की मौत से छोटे भाई-बहन विराज, मोनू, साक्षी और मझला का बुरा हाल है। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी में आया है कि अजीत की मौत बीमारी की वजह से हुई है। परिवार ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया है।
जीत की फाइल फोटो।- फोटो : 1