छात्राओं को बैंक संबंधी जानकारी देते अंबियापुर पीएनबी शाखा के प्रबंधक अनुराग वर्मा। (नीली शर्ट)?
- फोटो : BADAUN
बिल्सी। नन्नूमल जैन विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में छात्राओं को बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। कहा गया कि छात्राएं अभी से बचत शुरू करें ताकि भविष्य में किसी अनापेक्षित परेशानी से बच सकें। इसके लिए वे किसी भी बैंक में अपना बचत खाता जरूर खुलवाएं।
अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत मंगलवार को हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंबियापुर की पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक अनुराग वर्मा रहे। उन्होंने छात्राओं को बैंक सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि भारत हो या विदेश, जब उच्च शिक्षा की बात आती है तो ज्यादातर लोगों को धन की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में सबसे अच्छा विकल्प एजुकेशन लोन का होता है। भारत में कई बैंक और वित्तीय संस्थाएं शिक्षा लोन प्रदान करती हैं। विभिन्न बैंक छात्रों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न प्रकार की ऋण योजनाएं प्रदान करते हैं। कई बैंकों की ओर से जूनियर खाता स्कीम भी चलाई जा रही है, जिसके तहत दस से 18 वर्ष तक आयु के छात्र-छात्राओं के खाते खोले जाते है।
उन्होंने कहा कि सभी छात्राओं को चाहिए कि वे अपना बचत खाता जरूर खुलवाएं। यह भविष्य के लिए भी काफी मददगार साबित होगा। इससे पहले सहायक प्रबंधक दीपक कुमार ने भी बैंक योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
-
छात्राओं से मजबूत बनने का आह्वान
कार्यक्रम का संचालन कर रहे कॉलेज के उप प्रधानाचार्य डॉ.राजकमल गुप्ता ने कहा कि छात्राएं अपने जीवन में निर्भीक होकर आगे बढ़ें तभी सभ्य समाज का निर्माण हो सकता है। अब छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षा के संबंध में समाज काफी जागरूक हो गया है। जब तक छात्राएं और महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त नहीं होंगी तब तक हमारा देश और समाज विकसित नहीं हो सकेगा। इस मौके पर अरविंद कुमार, लवकुमार, प्रणव शर्मा, नरेंद्र कुमार सिंह, अजय गिरि आदि मौजूद रहे। संवाद