बदायूं। जिले में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिसौली और शेखूपुर विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख सड़कों के नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण को स्वीकृति मिल गई है। यह काम एमएलसी वागीश पाठक की सक्रिय पहल से होने जा रहा है।
बिसौली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वीके के मार्ग से सहानपुर-सुजानपुर मार्ग, जो लंबे समय से जर्जर हालत में था, अब नए स्वरूप में विकसित होगा। इस महत्वपूर्ण सड़क के नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए लगभग 6 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है, जिससे इसके सुधार से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसी क्रम में शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम निजामपुर से जलालपुर मार्ग के नवीनीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए भी 1.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस सड़क के सुधरने से ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और स्थानीय निवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। एमएलसी वागीश पाठक ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।