बदायूं। डाटा एंट्री ऑपरेटर की नियुक्तियां अब नए सिरे से होंगी। इसके साथ ही जन आरोग्य मित्रों की भी तैनाती होगी। इस संबंध में सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह ने स्वीकृति के लिए डीएम को फाइल भेज दी है। डीएम की स्वीकृति मिलने के साथ ही डाटा एंट्री ऑपरेटर और जन आरोग्य मित्रों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
प्रभारी सीएमओ रहे डॉ. मंजीत सिंह ने नौ जनवरी को डाटा एंट्री ऑपरेटर के 37 पदों पर नियुक्तियां कर दी थीं। नियुक्तियों के बारे में जिला स्वास्थ्य समिति को भी जानकारी नहीं दी गई। जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष डीएम होते हैं। इसके अलावा नियमानुसार नियुक्ति और साक्षात्कार कमेटी भी नहीं बनाई गई थी। अनियमितताओं के चलते सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह ने एक फरवरी को डाटा एंट्री ऑपरेटर की 37 नियुक्तियों को निरस्त कर दिया था। अब सीएमओ ने नए सिरे से जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष डीएम कुमार प्रशांत को फाइल भेजकर नियुक्तियों की अनुमति मांगी है। सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह का कहना है कि डीएम की अनुमति मिलने के बाद नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।