उसहैत। जिले में डेंगू से एक और महिला की मौत हो गई। उसहैत क्षेत्र के सहायपुर निवासी 21 वर्षीय करिश्मा पत्नी जितेंद्र का तीन दिन से झोलाछाप के यहां इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। कुछ ही देर में महिला ने वहीं दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने मौके पर पुलिस बुला ली। हालांकि अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। महिला डेंगू के साथ मलेरिया से भी पीड़ित थी।
जितेंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी करिश्मा को कई दिनों से बुखार था। उसहैत में एक झोलाछाप को दिखाया। वहां महिला की जांच में डेंगू व मलेरिया पॉजिटिव आया। इसके बाद इलाज जारी रहा। महिला हल्का सुधार होने पर बृहस्पतिवार को झोलाछाप के पास दोबारा गई थीं। झोलाछाप ने उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाया। इसके करीब आधे घंटे के बाद में महिला की हालत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमाॅर्टम भेज दिया गया।
लगातार सामने आ रहे डेंगू के मरीज
- जिले में डेंगू और मलेरिया के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। इस्लामनगर के जगत पीपरी में पांच, मुड़िया सतासी में सात, मीरापुर में पांच, कैली में सात और जगत के बीबीपुर में 20 से अधिक मरीजों के डेंगू पॉजिटिव होने की जानकारी सामने आई है। इससे पहले वजीरगंज के मीरापुर निवासी महिला पूजा की भी डेंगू पॉजिटिव होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। करिश्मा की मौत के बाद जिले में डेंगू से दूसरी महिला की मौत की बात सामने आई है।
-
वर्जन-
- महिला की मौत के बारे में एमओआईसी से जानकारी ली गई है। गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
-डॉ. विकास शर्मा, सीएमओ
फाइल फोटो करिश्मा