बदायूं। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। रबी के सीजन में खाद की चल रही किल्लत को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक और रैक खाद की उपलब्धता कराई है। देर रात तक खाद उझानी स्टेशन पर उतरेगी। बृहस्पतिवार को खाद का समितियों पर वितरण किया जाएगा।
रबी सीजन में गेहूं और आलू की बोआई के चलते किसानों को खाद की जरूरत रहती है। किसानों को समितियों पर जरूरत के हिसाब से खाद नहीं मिल पाती। इसके कारण किसान प्राइवेट दुकानों से खाद महंगे दाम पर खरीदने को मजबूर होते हैं।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता महेंद्र सिंह ने बताया कि डीएम निधि श्रीवास्तव ने रबी फसल के कारण किसानों की मांग के अनुरूप यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की थी, जिसके सापेक्ष एक जनवरी को एक रैक यूरिया प्राप्त हो गई थी। वहीं, पांच जनवरी को इफको यूरिया की एक रैक यहां के लिए निकल गई है। वह बुधवार देर तक उझानी के स्टेशन पर पहुंच जाएगी। बृहस्पतिवार सुबह से खाद सीधे समितियों पहुंचेगी, जिससे जिले में खाद की कोई कमी नहीं रहेगी।