बदायूं। संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2023 में शामिल परीक्षार्थियों में से अगर किसी ने अभी तक किसी कारण से दाखिला नहीं लिया है तो अब उनको एक और मौका दिया जा रहा है। ऐसे अभ्यर्थी अब जीटीआई में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा सातवें राउंड में छूटे अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया है।
जीटीआई में अभी दाखिला प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत जिन अभ्यर्थियों ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2023 दी है और किसी भी राउंड के लिए आवेदन किया हो लेकिन वह उसमें हिस्सा नहीं ले पाए तो उसको एक और मौका दिया जाएगा। इसके साथ इस बार उन अभ्यर्थियों को भी मौका दिया है जिन्होंने परीक्षा तो दी लेकिन किसी कारणवश काउंसलिग के लिए आवेदन नहीं कर पाए तो वे भी 24 और 25 अक्तूबर को आवेदन कर सकते हैं। 26 अक्तूबर को सीट लॉक की प्रक्रिया चलेगी।
27 और 28 अक्तूबर को अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। 27 से 29 अक्तूबर के बीच फीस भी जमा करनी होगी। उसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को उनके आवंटित पॉलिटेक्निक कॉलेज में जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इस संबंध में प्रधानाचार्य एसके आजाद ने बताया कि जो अभ्यर्थी एडमिशन लेने से वंचित रह गए थे, उनके लिए सुनहरा मौका है। निर्धारित समय अवधि के अंदर वह एडमिशन ले सकते हैं।