उझानी। बेटियों से बात न कराने पर अश्लील वीडियो भेजने समेत धमकाने के मामले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी को भेजे प्रार्थनापत्र के आधार पर दर्ज की गई रिपोर्ट में घटना दो जुलाई की बताई गई है। आरोप है कि विजय सिंह उर्फ महावीर ने दो जुलाई को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के मोबाइल पर फोन किया। कहा कि वह बेटियों से बात कराएं। बात नहीं कराने पर आरोपी ने अश्लील वीडियो भेजने के साथ वीडियो जैसा ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का हाल करने की धमकी दी।
पीड़िता ने अगले दिन कोतवाली पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि पुलिस से शिकायत का पता लगते ही आरोपी के दो भाइयों ने कार्यकर्ता को रास्ते में घेर लिया। उन पर फैसला करने का दबाव भी बनाया। आरोपियों में एक युवक ने राजनीतिक पहुंच का हवाला देकर धमकाया।
कार्यकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र गांव से पांच किलोमीटर दूर है। पति रिक्शा चलाते हैं, ऐसे में कोई घटना हो सकती है। कार्यकर्ता ने कछला चौकी पर भी शिकायत की। कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी से गुहार लगाई।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामला पुराना है। महिला के प्रार्थनापत्र के आधार पर आरोपी विजय उर्फ महावीर, विकास, प्रमोद और समझौता कराने की कोशिश करने वाले नरेंद्र यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।