कुंवरगांव में गंज तिराहे के निकट ओवरलोड ट्राला की साइड लगने के बाद बस से उतरती सवारियां। संवाद
कुंवरगांव। आंवला-बदायूं मार्ग पर मंगलवार शाम को गंज तिराहे के निकट बदायूं की ओर से आ रहे गन्ना भरे एक ओवरलोड ट्रॉला ने उसी दिशा में जा रही एक बस में साइड मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का शीशा टूटकर बिखर गया। अचानक हुए हादसे से बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद दोनों वाहन बीच सड़क पर फंस गए, इससे जाम लग गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मिलकर सवारियों को सुरक्षित नीचे उतारा। गनीमत रही कि कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की तेज रफ्तार के कारण ऐसे हादसे अक्सर सामने आते रहते हैं।