मृतका ओमवती का फाइल फोटो। स्त्रोत परिवार द्वारा
बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर स्थित पुसगवां चौराहे के पास पैदल दवा लेने जा रही एक वृद्धा को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर सीएचसी पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा करने वाले वाहन का पता नहीं लग सका है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र के रायपुर मजरा निवासी ओमवती शाक्य (66) पत्नी नवाब सिंह रविवार की शाम करीब चार बजे दवा लेने के लिए नजदीकी गांव पुसगवां पैदल जा रहीं थीं। जैसे ही वह पुसगवां चौराहे के निकट पहुंचीं तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आनन-फानन में उन्हे बिल्सी सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों से उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। जहां एसआई अशोक कुमार सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस घटना जांच में जुट गई है। वहीं ओमवती की मौत के बाद परिवार के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।