उझानी में सड़क पर गड्ढे में फंसी एंबुलेंस को ट्रैक्टर से निकालते लोग। संवाद
- फोटो : संवाद
उझानी। बदायूं-दिल्ली हाईवे पर गड्ढों में भरे बारिश के पानी में रविवार सुबह में एक एंबुलेंस फंस गई। काफी मशक्कत के बाद भी चालक समेत नर्सिंग स्टॉफ उसे बाहर निकालने में नाकाम रहा तो उन्होंने ग्रामीणों से गुहार लगाकर ट्रैक्टर बुलाया। करीब एक घंटे की कोशिश के बाद ही उसे गड्ढे से बाहर निकाला जा सका।
मामला रविवार सुबह करीब सात बजे का है। दिल्ली-बदायूं हाईवे की सड़क कोतवाली क्षेत्र में गांव हजरतगंज और कुड़ानरसिंहपुर के पास खस्ताहाल है। राजकीय मेडिकल कॉलेज से एक मरीज को शनिवार रात अलीगढ़ रेफर किया गया था। एंबुलेंस के जरिये मरीज को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया। लौटते समय एंबुलेंस हजरतगंज गांव से चंदकदम आगे बढ़ी ही थी कि सड़क पर बारिश का पानी भरा होने की वजह से चालक को गड्ढे का अहसास नहीं हो पाया। गड्ढे में पहिया जाते ही एंबुलेंस फंस गई।
यह देखकर दूसरी एंबुलेंस के चालक रामऔतर ने भी उसे गड्ढे से बाहर निकलवाने की कोशिश की। रामऔतार ने बताया कि उन्होंने हजरतगंज गांव जाकर ग्रामीणों से सहयोग मांगा। इसके बाद एक व्यक्ति ने अपने ट्रैक्टर से एंबुलेंस को बाहर निकालने में मदद की। इस दौरान संबंधित एंबुलेंस करीब एक घंटे तक फंसी रही।
गनीमत रही कि एंबुलेंस में मरीज नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कोई गंभीर मरीज होता तो उसकी जान पर बन आती। बता दें कि कुड़ानरसिंहपुर के पास दिल्ली हाईवे पर भरे नाले के पानी की वजह से करीब चार माह से आवागमन के लिए एक लेन बंद है।