बदायूं। अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले जरूरतमंदों की मदद का सिलसिला जारी है। शनिवार को प्रशासन की ओर से शेल्टर होम में क्वारंटीन किए गए लोगों को भोजन के पैकेट बांटे गए। स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी जरूरतमंदों को राहत सामग्री बांटीं।
जिले में अब तक कोरोना के पांच संक्रमित सामने आ चुके हैं। ऐसे में प्रशासन काफी एहतियात बरत रहा है। बाहर से आने वाले लोगों को प्राइवेट बस स्टैंड के पीछे बने के शेल्टर होम में क्वारंटीन किया गया है। 14 दिन क्वारंटीन किए जाने के बाद यहां से लोगों को विभिन्न साधनों से उनके गंतव्य को रवाना किया जा रहा है, लेकिन फिर भी यहां 15-20 लोग बने हुए हैं। शनिवार को भी अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले प्रशासन ने इन लोगों को खाद्य सामग्री बांटी। इसके अलावा कई लोगों को राहत सामग्री के भी पैकेट दिए गए। इस मौके पर शहर लेखपाल हरीश चंद्र वर्मा, प्रभारी राजस्व निरीक्षक नरेंद्र कुमार गुप्ता, लेखपाल सतेंद्र शाक्य, राम सेवक सिंह, वेदपाल सिंह मौजूद रहे।
बदायूं यूथ के अध्यक्ष जिया अंसारी ने जरूरतमंदों को राहत सामग्री के पैकेट बांटे। संगठन द्वारा पिछले कई दिनों से यह वितरण कार्य किया जा रहा है। डॉ. शैलेश पाठक द्वारा दातागंज क्षेत्र में असहायों को राहत सामग्री का वितरण किया।
सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य के निर्देश पर लालपुल, कबूलपुरा, खेड़ा बुजुर्ग, मौर्य छात्रावास और टिकट गंज में जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट बांटे गए। सचिन मौर्य, निष्कर्ष प्रताप सिंह, महेंद्र पटेल सूर्यम पटेल आदि का सहयोग रहा। पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव ओर से उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री को सपा कार्यकर्ताओं ने बदायूूं, बिल्सी, सहसवान, इस्लामनगर, बिसौली, उझानी में वितरित किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव ओमकार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मोहल्ला सय्यदवाड़ा, विजय नगर कॉलोनी आदि में जरूरतमंदों को राशन किट उपलब्ध कराई।
सपा नेता ने डीएम को दी पीपीई किट
सहसवान। समाजवादी पार्टी के नेता नईमुल हसन उर्फ लडडन मियां ने डीएम और सीएमओ को 50 पीपीई किट और सैनिटाइजर उपलब्ध कराए हैं। सपा नेता ने कहा कि इस समय कोरोना से पूरा देश मिलकर लड़ रहा है। प्रशासन समेत स्वास्थ्य विभाग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने जरूरतमंदों से मदद को आगे आने की अपील की है।