बदायूं। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद सहित प्रदेश में समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान पांच जून से 21 जून तक चलाया जाएगा। इसको लेकर जिला प्रभारी मंत्री /राज्यमंत्री वन विभाग डॉ. अरुण कुमार ने जन प्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि अभियान के तहत केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रचार प्रसार के साथ-साथ पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया जाए।
कलक्ट्रेट में बृहस्पतिवार को जिला प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वह हर जरूरतमंद तक पहुंचें। पौधरोपण कार्यों को त्योहार के रूप में मनाया जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी ब्लॉकों में आयोजित होने वाले जन-जनकल्याण शिविर के आयोजन से पूर्व इसका प्रचार प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इन शिविरों का लाभ ले सकें।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि चौपाल आयोजन के दौरान अधिकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार व पात्रों को उसका लाभ भी पहुंचाएं। डीएम अवनीश राय ने बताया कि अभियान का शुरुआत विश्व पर्यावरण दिवस पांच जून से होगी। इस दिन कृषि विज्ञान केंद्र उझानी में वृहद पौधरोपण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस शहर से लेकर ग्राम आदि स्तरों पर मनाया जाएगा। साइकिल, पैदल जन जागरूकता यात्राएं भी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जेके सक्सेना, सीडीओ गामिनी सिंगला, जिला वन अधिकारी निधि चौहान, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।
नगर निकाय स्तर पर नोडल अधिकारी बने एडीएम प्रशासन
पांच जून को जिले में आठ लाख 65 हजार पौधरोपण का लक्ष्य शासन से मिला है, जिसमें वन विभाग को 50 हजार, ग्राम्य विकास विभाग को पांच लाख 46 हजार, पंचायती राज विभाग को 36 हजार, कृषि विभाग को एक लाख 37 हजार, उद्यान विभाग को 91 हजार, नगर निकायों को पांच हजार का लक्ष्य दिया गया है। पौधरोपण के लिए नगर निकाय स्तर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन, ग्रामीण स्तर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त पूरे पौधरोपण कार्यक्रम के लिए जिला वन अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मलिन बस्तियों में चलाया जाएगा स्वच्छता अभियान
जिले में पांच जून को प्रशासन की ओर से जनजागरूकता रैली भी निकाली जाएगी। वहीं आठ से 14 जून के बीच नगर निकायों में मलिन बस्तियों का चयन कर वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान योजनाओं का लाभ भी पात्रों को पहुंचाया जाएगा। मलिन बस्तियों में संवाद और सरकार आपके द्वार स्वरूप में जन समस्या समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा 14 से 16 जून तक सभी ब्लाॅकों में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा।
17 से 20 जून तक ऑडिटोरियम में लगेगी प्रदर्शनी
पांच से 21 जून के बीच में विकासखंड स्तरीय शिविर में फार्मर रजिस्ट्री, फैमिली आईडी और आयुष्मान कार्ड के रजिस्ट्रेशन का कार्य भी किया जाएगा। जिला स्तर पर 17 से 20 जून तक ऑडिटोरियम में प्रदर्शनी का आयोजन और प्राकृतिक कृषि कार्यशाला होगी। इसमें 500 से अधिक किसान उपस्थिति रहेंगे। उन्होंने बताया कि जन जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा। विकासखंड क्षेत्र में भी सभी ग्राम पंचायत में विशेष साफ-सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।