बिसौली। तहसील क्षेत्र के गांव गुलड़िया में सैकड़ों वर्ष पुराने निजी तालाब को अवैध खनन कर पाटे जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंचने के बाद प्रशासनिक हलके में हलचल मच गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, करीब 16 बीघा में फैले और 12 से 15 फीट गहरे तालाब को पाटने के लिए अरिल नदी के कटरी क्षेत्र स्थित गांव कलरबाला से जेसीबी मशीनों द्वारा मिट्टी का खनन किया जा रहा है। डंपर और ट्रैक्टर ट्रॉलियों से रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक भराव का काम चल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह तालाब वर्षों से पशुओं के पानी पीने और नहाने के काम आता है। उन्होंने तहसील प्रशासन, पुलिस और जिला खनन अधिकारी को कई बार शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि गांव सीकरी में सरकारी भूमि पर भराव के लिए ली गई अनुमति का दुरुपयोग कर गुलड़िया के तालाब को पाटा जा रहा है। ग्रामीणों ने राजस्व और पुलिस विभाग की मिलीभगत का आरोप लगाया और आशंका जताई कि यहां प्लाटिंग की योजना है।
बृहस्पतिवार को सीओ संजीव कुमार ने ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।संवाद