बदायूं जिले की म्याऊं क्षेत्र के अभिगांव, बिनावर क्षेत्र के ब्यौर, समरेर के मनकापुर कौर की गोशाला में कुल 82 गोवंश की मौत का दावा किया जा रहा है, जबकि प्रशासन ने तीनों स्थानों पर रविवार तक 30 गोवंश की मौत की पुष्टि की है। प्रशासन के अनुसार अभिगांव में 20, ब्यौर में नौ और मनकापुर कौर में एक गोवंश की मौत हुई है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
अभिगांव की गोशाला में सबसे गंभीर स्थिति बताई जा रही है। यहां करीब 300 गोवंश होने की बात सामने आई है। राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांतीय अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने दावा किया कि गोशाला में अब तक 54 गोवंश की मौत हो चुकी है। उनका कहना है कि करीब 25 गोवंश गंभीर हालत में पड़े मिले। सूचना मिलने पर रविवार को पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पशु चिकित्साधिकारी ज्ञानवीर ने बीमार गोवंश का उपचार शुरू किया। कुछ पशुओं को ड्रिप भी लगाई गई।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और अन्य लोगों ने गोशाला में पर्याप्त चारा-पानी, सफाई और बारिश से बचाव की व्यवस्था नहीं होने के आरोप लगाए। गोवंश की मौत के पीछे भूख और अव्यवस्थाओं की भी चर्चा है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से मृत गोवंश का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारण सामने आने की उम्मीद है।