नगर के मुख्य बाजार स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखा पर क्षेत्र के मनरेगा श्रमिक समय पर भुगतान न होने पर गुरुवार को भड़क गए। उन्होंने शाखा प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
मजूदरों को संबोधित कर रहे रोजगार सेवक संघ के प्रदेशाध्यक्ष अखिलेश कुमार यादव ने कहा कि बैंक में आए दिन किसानों का आर्थिक शोषण किया जाता है। कई बार बैंक के उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। मगर यहां के कर्मचारियों में कोई सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आए दिन किसानों और मजदूरों से भुगतान के नाम पर परेशान किया जाता है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर बैंक की कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर कप्तान सिंह, कृपाल सिंह, मिस्टर, जिलेदार सिंह, उमेश चंद्र, पप्पू सिंह, विपिन कुमार, जयहिंद पाल आदि मौजूद रहे। शाखा प्रबंधक ने आरोप को नकारते हुए कहा कि बैंक में नियमानुसार काम किया जा रहा है। अगर किसी को कोई शिकायत है, तो वह सीधे आकर कह सकता है। वह कार्रवाई करेंगे।