उघैती। जिले में बारिश की वजह से कई इलाकों में बिजली सप्लाई 48 से 50 घंटे तक बाधित रही, लेकिन उघैती क्षेत्र में अभी भी बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है। 60 घंटे बाद भी बिजली सप्लाई न मिलने से लोग अंधेरे में हैं। बिजली उपकरण शोपीस बने हुए हैं। इसके चलते लगभग 90 हजार लोगों को बिजली नहीं मिल रही है। वहीं दबतोरी क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर में बिजली लाइन पर पेड़ गिर जाने लाइन टूट गई। 48 घंटे बाद भी बिजली आपूर्ति सहीं नहीं होने से गांव के करीब दस हजार लोग अंधेरे में हैं।
उघैती क्षेत्र को बिजली आपूर्ति बिसौली से की जा रही है। तीन दिन पहले बारिश के चलते लाइन में फॉल्ट आ गया था। कर्मचारी लाइन ठीक करते हैं लेकिन एक से दो घंटे चलने के बाद लाइन में फॉल्ट हो रहा है। करीब 72 घंटों में 60 घंटे ऐसे निकल गए जिसमें क्षेत्र के करीब एक लाख लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। क्षेत्र में बिजली सप्लाई देने के लिए यहां सात फीडर है जिनसे करीब 40 गांव को बिजली आपूर्ति की जाती है। सभी फीडर बंद होने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली सप्लाई सभी जगह की सुचारू करा दी गई है। इस क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप होने की शिकायत नहीं मिली है। अभी इसे दिखवाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। बिजली का खंभा क्यों नहीं लगा जानकारी की जाएगी।- अखिलेश कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड बदायूं