काठमांडू में आयोजित इंटरनेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों के साथ अजय पाल सिंह
बदायूं। काठमांडू में आयोजित इंटरनेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अजय पाल सिंह ने सीनियर पूमसे टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल जिले बल्कि पूरे प्रदेश में खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
इंटरनेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता काठमांडू के त्रिपुरेश्वर स्थित दशरथ रंगशाला इंडोर हॉल में 18 से 20 फरवरी तक आयोजित की गई। आयोजन वर्ल्ड ताइक्वांडो, एशियन ताइक्वांडो यूनियन, नेपाल ताइक्वांडो संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान चतुर्थ माउंट एवरेस्ट क्योरुगी (लड़ाई) व द्वितीय पूमसे (डब्ल्यूटी, जी-1) इंटरनेशनल ताइक्वांडों चैंपियनशिप हुई।
इसमें विश्व स्तर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अजय पाल सिंह ने सीनियर पूमसे टीम स्पर्धा में पूमसे शिपजिन व पूमसे जीते वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने तकनीकी कौशल, संतुलन और लयबद्ध प्रस्तुति के दम पर 5.2 अंक हासिल करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया। अजय पाल सिंह ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 28 देशों के 2000 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए। अजय पाल सिंह की सफलता से यह साबित हुआ है कि सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।