बदायूं। सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम ने कृषि व मत्स्य विभाग के अधिकारियों के साथ में बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि किसानों को बागवानी, मुधमक्खी पालन, फल-फूल और मसालों के उत्पादन के बारे में जानकारी दें, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इससे जुड़ सकें और उनकी आय में बढ़ोतरी हो। डीएम ने कहा कि मत्स्य पालन के लिए तालाबों का पट्टा किया जाए।
डीएम कुमार प्रशांत ने जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार को निर्देश दिए कि जनपद में मिर्च, धनिया व हल्दी आदि उत्पादों को सुखाकर फूड पैकेजिंग के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से काम कराया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को करने से स्वयं सहायता समूहों को रोजगार भी उपलब्ध होगा और उनको अच्छी आमदनी भी होगी। कृषि से संबंधित विभागों में एफपीओ (किसान उत्पाद संगठन) के गठन में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि एफपीओ का गठन जल्द से जल्द करें, वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में निर्माण कराए गए तालाबों को मत्स्य पालन के लिए सहकारी समितियों को पट्टा किया जाए। डीएम ने सभी कृषि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए किसानों को तकनीकी खेती के साथ-साथ अन्य रोजगार के लिए प्रेरित किया जाए। किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं व अनुदान वाली योजनाओं से भी लाभान्वित करें। किसानों को फल-फूल, मशरूम, मधुमक्खी पालन व मसालों की खेती आदि के लिए प्रेरित किया जाए।