अग्रवाल सेवा समिति के नव निर्वाचित पदाधिकारी। संवाद
उझानी। अग्रवाल सेवा समिति के चुनाव में ब्रजेंद्र गोयल को अध्यक्ष चुन लिया गया। विष्णु गोयल महामंत्री और अमोल गोयल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। समिति ने चौक का निर्माण कराकर महाराजा अग्रसेन की अष्टधातु की प्रतिमा लगाने का एलान किया। इसके तुरंत बाद सजातीय लोगों ने 32 लाख रुपये दान में दे दिए।
चुनाव के लिए अग्रवाल सेवा समिति की बैठक बृहस्पतिवार प्रात: महाराजा अग्रसेन श्रवण कुमार अग्रवाल धर्मशाला परिसर में हुई। अध्यक्ष पद के लिए ब्रजेंद्र गोयल के नाम का प्रस्ताव रखा गया। कार्यकारिणी ने आम सहमति से उन्हें अध्यक्ष चुन लिया। समिति के उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार मित्तल ने चौक का निर्माण कराके महाराजा अग्रसेन की अष्टधातु की प्रतिमा स्थापित कराने का प्रस्ताव पेश किया। कार्यकारिणी ने सजातीय प्रमुख लोगों से रायशुमारी के बाद सहमति व्यक्त की।
समिति के उपाध्यक्ष मित्तल ने बताया कि चौक और अष्टधातु की प्रतिमा पर करीब 50 लाख रुपये खर्चे का अनुमान है। बैठक में दान देने का अनुरोध किया गया। सर्वाधिक 2.51 लाख रुपये पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल देने की घोषणा की और कुल मिलाकर 32 लाख रुपये इकट्ठे हो गए।
इस मौके पर प्रदीप गोयल, राजीव गोयल, मनोज गोयल, अरुण अग्रवाल, अमित बंसल, रमेशचंद्र बंसल, निखिल अग्रवाल, राजकुमार बंसल, अखिलेश गोयल, केशव गर्ग, अशोक गर्ग, दीपक सिंघल, मुनीश चंद्र अग्रवाल और सत्येंद्र गोयल आदि मौजूद थे।