उझानी। बृहस्पतिवार दोपहर टेंपो की टक्कर से घायल नौ माह की हंशिका की मौत के बाद देर रात उसकी मां विनीता ने भी दम तोड़ दिया। उनका बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। हादसे के बाद पुलिस ने शुक्रवार सुबह टेंपो कब्जे में ले लिया। हादसा बमनौसी रोड पर गांव अचौरा के पास हुआ था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव झब्बूनगला निवासी अखिलेश, पत्नी विनीता और नौ माह की बेटी हंशिका के साथ बाइक से ससुराल उनैला जा रहे थे। रास्ते में टेंपो ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाते समय हंशिका की मौत हो गई, जबकि विनीता और अखिलेश को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बृहस्पतिवार देर रात विनीता ने भी दम तोड़ दिया।
घायल अखिलेश की हालत में सुधार बताया गया है। अखिलेश के भाई अवनेश ने बताया कि पुलिस ने टेंपो कब्जे में ले लिया है। टेंपो नगर पालिका परिषद का बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद विनीता का शव झब्बूनगला पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।