म्याऊं। उसावां थाना क्षेत्र के गांव गौतरा में हरूबाबा मंदिर के पास रविवार को बाइक और इको कार की टक्कर में जान गंवाने वाले युवक का सोमवार शाम दाह संस्कार कर दिया गया। इसके बाद मृतक के पिता ने उसावां थाने में अज्ञात इको कार चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सखानू के वार्ड-1 निवासी धीरपाल के अनुसार, उनका भाई शिशुपाल, गांव के मुख्तार हसन और उनका बेटा शिव सिंह बाइक से ससुराल पिपला भैंस दिलाने जा रहे थे। शिव सिंह सबसे आगे बाइक पर था। गौतरा में हरूबाबा मंदिर के पास गौतरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही इको ने शिव सिंह की बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में शिव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उसे पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। सीओ अशेष नाथ सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम दाह संस्कार के बाद पिता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने इको कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पिकअप की टक्कर से महिला की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज
बिल्सी। उघैती थाना क्षेत्र के गांव लोथर निवासी प्रमोद ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका भाई भीकम 18 अक्टूबर को अपनी पत्नी खुशी और अपनी भाभी किरन को बिल्सी से दवा दिलाकर बाइक से गांव लौट रहा था। अपराह्न करीब दो बजे बाइक बिजनौर-बदायूं हाईवे पर स्थित गांव पिडौल ईंट-भट्ठे के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रही पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर से बाइक आगे चल रहे ट्रैक्टर के पीछे जुड़े थ्रेसर में जा घुसी। हादसे में किरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भीकम और उसकी पत्नी खुशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले बदायूं मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उन्हें बरेली के अनीस अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पिकअप के चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि हादसे के मामले में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। संवाद