बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव चरसौरा निवासी मोरवती का पति जसविंदर से 18 सितंबर को झगड़ा हो गया था। इसी बात को लेकर उसने घर में रखी कीटनाशक बृहस्पतिवार को पी ली। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
पति जसविंदर ने बताया कि बुधवार को उसका पत्नी मोरवती से झगड़ा हो गया था। बृहस्पतिवार को गुस्से में मोरवती ने घर में रखी कीटनाशक दवा पी ली। हालत बिगड़ी तो रुदायन सीएचसी ले गए, जहां सुबह करीब चार बजे डॉक्टर ने उसे ठीक बताते हुए घर ले जाने को कहा। घर लाने पर उसकी हालत फिर बिगड़ गई। जसविंदर पांच बजे पत्नी को दोबारा रुदायन लेकर पहुंचे तो डॉक्टर ने चंदौसी रेफर कर दिया। चंदौसी में डॉक्टर ने भर्ती करने से मना कर दिया और मुरादाबाद ले जाने को कहा। इसी बीच मोरवती की मौत हो गई।
सूचना पर मायके पक्ष के कई लोग गांव आ गए। मायके से आए भाई ने पुलिस को सूचना दी और पोस्टमार्टम कराने की मांग की, जिस पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। अगर कोई तहरीर दी जाती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।