बदायूं। जिला गाजियाबाद में 29 अक्टूबर को जिला जज के कोर्ट रूम में हुए लाठी चार्ज के विरोध में 4 नवंबर से जिला सिविल बार के अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत चल रहे हैं। सोमवार को भी सिविल बार के अधिवक्ताओं ने हड़ताल करके समर्थन जारी रखा और किसी भी तरह का कोई न्यायिक कार्य नहीं किया।
बता दें 29 अक्टूबर को जिला गाजियाबाद में वकीलों पर जिला जज ने पुलिस को निर्देश देकर लाठी-चार्ज करवा दिया था। इसके बाद से पश्चिम उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिले के अधिवक्ता हड़ताल पर हैं और न्यायिक कार्य नहीं कर रहे हैं। इस घटना के विरोध में जिले की सिविल बार के अधिवक्ता 4 नवंबर से हड़ताल पर चल रहे हैं। हड़ताल सोमवार को भी जारी रही।
14 नवंबर को बंद रहेगा न्यायालय
बदायूं। जिला जज पंकज कुमार अग्रवाल ने 14 नवंबर को जिले के न्यायालय में मेला ककोड़ा का स्थानीय अवकाश होने का आदेश पारित किया है।
बता दें डीएम ने 30 अक्टूबर को पहले से ही मेला ककोड़ा के स्थानीय अवकाश की घोषणा की हुई है। इस अवकाश के एवज में 23 नवंबर, जिसमें चतुर्थ शनिवार पड़ेगा, उसको न्यायालय में न्यायिक कार्य किया जाएगा। संवाद