बदायूं। मेरठ से लेकर प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेस-वे का काम बारिश की वजह से धीमी गति से चल रहा है। अडानी ग्रुप अब निर्माण को और रफ्तार देगा, क्योंकि शासन ने प्रगति रिपोर्ट मांगी है। निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर करने और काम को रफ्तार देने के लिए शनिवार को लखनऊ में समीक्षा बैठक बुलाई गई है। इसमें निर्माण एजेंसी और शासन के अधिकारी शामिल होंगे।
गंगा एक्सप्रेस वे शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में एक है। इस पर 17 हजार करोड़ रुपये व्यय होना प्रस्तावित है। एक्सप्रेस-वे का 92 किलोमीटर हिस्सा बदायूं जिले में है। एक्सप्रेस-वे बनने पर जिले के साथ प्रदेश के कई जनपदों में विकास को रफ्तार मिलेगी। जिले की चार तहसील बदायूं, बिल्सी, बिसौली, दातागंज क्षेत्र के कई गांवों से होकर यह एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है।
एडीएम एफआर डॉ. वैभव शर्मा ने बताया कि अभी बारिश की वजह से निर्माण कार्य की गति कुछ धीमी हुई, लेकिन आने वाले दिनों में कार्य तेजी पकड़ेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले साल इस पर वन-वे शुरू कर दिया जाएगा। इस पर कुंभ से पहले ट्रैफिक शुरू करने की तैयारी है।