‘अडानी और अंबानी के चक्कर में देश बर्बाद’
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं की जनसभा में आजम ने प्रधानमंत्री पर बोले तीखे बोल
बदायूं सदर सीट पर सपा प्रत्याशी आबिद रजा के पक्ष में रविवार को दोपहर शहर के गांधी मैदान में सभा को संबोधित करते हुए सपा नेता आजम खां ने नोटबंदी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बादशाह ने अडानी और अंबानी के चक्कर में देश के बर्बाद कर दिया।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी ने गरीबों के मुंह से रोटी का टुकड़ा छीन लिया। बेटियों के हाथ पीले नहीं हो सके। बोले, हमसे कहते हो तेरा रिश्ता पाकिस्तानी है। क्या हम पाकिस्तान जाएं। पाकिस्तान मुझे नहीं लेगा। 1947 में जो गए वो आज तक शरणार्थी के रूप में हैं। अगर सरहदें न हों तो हिंदुस्तान से गया बच्चा-बच्चा वापस आ जाएगा। उनके बाप-दादा की कब्रे हैं यहां, उनके बुजुर्गों के मसायल हैं यहां। उनकी मस्जिदें हैं यहां। यह देश मेरे लिए मादरे-वतन है। उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं से वोट ने बंटने की अपील की और ओवैसी और बुखारी का बिना नाम लिए तंज कसा। कहा कि हैदराबाद की बिरियानी जब तक आएगी, तब तक भूखे रह जाओगे। आजम खां ने बदायूं में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को सांसद धर्मेंद्र यादव की उपलब्धि बताई।
बाक्स
धर्मेंद बोले- पीएम न करें मेरे और आबिद के रिश्ते की चिंता
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पीएम मोदी को मेरे और आबिद के रिश्ते की चिंता नहीं करनी चाहिए, उन्हें देश में फैली बेरोजगारी एवं अन्य परेशानियों को दूर करने के बारे में सोचना चाहिए। पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोदी कह गए यदि वह 2014 में आए होते तो परिणाम कुछ और होता, लेकिन बदायूं की जनता बता देगी कि वह 2017 में आए और परिणाम वही रहा। उन्होंने विधायक आबिद रजा और चेयरपर्सन फात्मा रजा ने सांसद के विकास कार्यों की तारीफ की।