बदायूं। लापरवाही के चलते कई मदों में 87 लाख रुपये का बजट लैप्स होने के मामले में सीएमओ के प्रधान सहायक कार्यालय वेद प्रकाश सिंह के खिलाफ निदेशक (प्रशासन) चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. पूजा पांडेय ने कार्रवाई की है। स्थानीय स्तर पर निदेशक के आदेश का पालन न होने पर मामले में जांच एडी हेल्थ डॉ. जावेद हयात को दी गई है। निदेशक की ओर से प्रधान सहायक के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुदान संख्या 32, 35 और 36 में मिले 87 लाख रुपये का बजट प्रधान सहायक वेद प्रकाश सिंह की लापरवाही से लैप्स हो गया था। इसको लेकर स्थानीय स्तर पर अधिकारियों की काफी किरकिरी हुई। जांच में पता लगा कि संबंधित मदों में बिल उपलब्ध होने के बाद भी प्रधान सहायक ने कोषागार को उपलब्ध नहीं कराए थे। लापरवाही के चलते मोटा बजट लैप्स हो जाने के मामले में निदेशक डॉ. पूजा पांडेय ने संज्ञान लिया। उनकी ओर से स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित सहायक की स्वेच्छाचारी कार्यप्रणाली से ऐसा हुआ है। ऐसे में कोई भी संवेदनशील विभागीय काम संबंधित से न लिया जाए। निदेशक के आदेश के बावजूद वेद प्रकाश सिंह की लेखालिपिक और सीएमओ पर्चेजिंग जैसे संवेदनशील पटलों पर तैनाती बनी रही। इस मामले में निदेशक के आदेश पर एडी हेल्थ बरेली मंडल डॉ. जावेद हयात ने जांच शुरू कर दी है। एडी ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। अभी वह ज्यादा कुछ नहीं बता सकते। जांच के बाद संबंधितों पर कार्रवाई की जाएगी।