अधिकारियों के निरीक्षण के समय गांवों में गंदगी मिलने और आदेशों की अवहेलना के आरोप में तीन गांवों में तैनात सफाई कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी की इस कार्रवाई से सफाई कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। कई गांवों में सफाई नहीं होने की शिकायतें मिलीं हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। वहां के कर्मचारियों पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश यादव ने बताया कि पिछले दिनों परियोजना समन्वयक और मुख्यचिकित्साधिकारी ने विकासखंड जगत क्षेत्र के गांव ईकरी और गांव रसूलपुर का भ्रमण किया था। इस दौरान गांव में गंदगी पाई गई। गांव के लोगों ने भी सफाई नहीं होने की शिकायत की थी। इस पर गांव रसूलपुर के सफाई कर्मचारी सन्नोरानी और ईकरी के वेदप्रकाश को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना समेत कई अन्य गंभीर आरोप भी हैं। इनके अलावा विकासखंड दहगवां के गांव जरैठा में तैनात सफाई कर्मचारी नीतू को भी गांव में गंदगी होने की शिकायत पर निलंबित किया गया है।
इधर, पता चला है कि कुछ और सफाई कर्मचारियों के गांवों में सफाई नियमित रूप से नहीं किए जाने की शिकायतें मिलीं हैं, इनकी जांच की जा रही है। चर्चा है कि जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की गाज गिर सकती है।