बदायूं। ओवरलोडिंग में ट्रक का चालान 56 हजार रुपये का काटे जाने से नाराज ट्रक मालिक अपने चार साथियों के साथ नशे की हालत में बृहस्पतिवार शाम सात बजे एआरटीओ कार्यालय पहुंच गया। गालीगलौज करते हुए जमकर हंगामा किया। एआरटीओ से भी अभद्रता की। एआरटीओ ने सभी आरोपियों को सिविल लाइंस पुलिस के हवाले कर दिया। रात में बरेली से पहुंचे परिजनों द्वारा चालान का भुगतान जमा करने और लिखित माफी मांगने पर सभी को छोड़ दिया गया।
कार्यालय के पास ही एआरटीओ के साथ प्रवर्तन टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओवरलोडिंग में बरेली नंबर के ट्रक का 56 हजार रुपये का चालान काटा गया। चालान कटने के बाद बरेली के बदायूं रोड निवासी ट्रक मालिक अपने चार साथियों के साथ नशे में धुत होकर एआरटीओ कार्यालय शाम करीब सात बजे पहुंच गया।
आरोप है कि पांचों लोगाें ने एआरटीओ से गाली-गलौज शुरू कर दी और नशे की हालत में ट्रक तुरंत छोड़ने की धमकी देने लगे। कार्यालय में खुद को घिरता देख एआरटीओ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस थाना की पुलिस पांचों को अपने साथ ले गई। सूचना पर बरेली से आरोपियों के परिजनों ने पहुंचकर ट्रक जुर्माना भरने के साथ ही लिखित में माफीनामा देने पर एआरटीओ हरिओम ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।
प्रतिदिन की तरह वाहन चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग पर ट्रक का चालान काटा था। इसके बाद पांच लोग नशे की हालात में कार्यालय में पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे, जिन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया था। रात में लिखित में माफीनामा देने और जुर्माना जमा करने के बाद सभी को छोड़ दिया गया है। - हरिओम, एआरटीओ बदायूं