संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज। गांव नौनी की एक महिला ने दो बीघा खेत की जमीन एक प्रभावशाली व्यक्ति को बेची, लेकिन आरोप है कि धोखाधड़ी कर 12 बीघा खेत का बैनामा करा लिया।
दातागंज थाना क्षेत्र के नौनी गांव की महिला मिंटू ने बताया कि नगरिया खनू गांव के एक व्यक्ति ने उससे 80000 रुपये में दो बीघा जमीन का सौदा किया था। आरोप है कि इसकी आड़ में उसने रजिस्ट्री ऑफिस में अपने भाई के नाम 12 बीघा जमीन का बैनामा करा लिया। जबकि उसने लेखक को दो बीघा जमीन बेचना बताई थी, उसने 12 बीघा जमीन लिख दी। रजिस्ट्री ऑफिस में उससे केवल बैनामा के रुपये मिलने की बात पूछी गई थी तो उसने 80 हजार रुपये मिलना बता दिया था। आरोप है कि बैनामा में 12 बीघा जमीन का जिक्र कर दिया। इसकी जानकारी जब उसे हुई तो खरीदार से शिकायत करने पहुंची। इस पर प्रभावशाली खरीदार ने इस संबंध में आगे जुबान खोलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। उसने एसएसपी और स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। सीओ अशेषनाथ सिंह ने बताया कि जमीन का मामला राजस्व विभाग का होता है। अगर, थाने में तहरीर दी गई है, तो राजस्व व संबंधित विभाग से पुष्टि होने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।