बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव बीहट में पत्नी मोहिनी की कुल्हाड़ी से हत्या करने के आरोपी पति आशीष प्रताप सिंह को पुलिस ने बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के मौसरे भाई से अवैध संबंध होने का शक जताते हुए हत्या करने की बात कही।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी के अपने मौसरे भाई से अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर वह पत्नी से नाराज रहता था।
पुलिस ने आरोपी के बयान की पुष्टि के लिए अन्य साक्ष्यों और परिस्थितियों की भी जांच शुरू कर दी है। वहीं, पोस्टमॉर्टम के बाद बृहस्पतिवार मोहिनी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार में घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।
सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय के सामने पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।