बिनावर। थाना क्षेत्र के गांव बिलहत में शराब के नशे में घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और महिला से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी दुर्वेश ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 13 दिसंबर 2025 की शाम करीब साढ़े 5 बजे वह और उसका पुत्र खेत पर गए थे। घर पर उसकी पत्नी कलावती और पुत्रवधू शर्मिला मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान रजनेश यादव शराब के नशे में घर के दरवाजे पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने अपने भाइयों को बुला लिया और सभी घर में घुस आए।
आरोप है कि आरोपियों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की। शोर सुनकर बचाव के लिए आई महिला के साथ भी मारपीट और अभद्रता की। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित का आरोप है कि थाने में शिकायत के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद अदालत की शरण ली। सीओ सिटी सुमेध मिलंद जाधव ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई होगी। संवाद