यह हादसा शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे गांव संजरपुर के पास हुआ। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव गुधनी निवासी 41 वर्षीय लाखन सिंह बाइक पर गांव के ही अनेकपाल (45) और उमेश (35) के साथ रिश्तेदारी से अपने घर लौट रहे थे। सामने से कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव मौसमपुर पट्टी निवासी नेकसू का 30 वर्षीय पुत्र दुर्वेश बाइक लेकर आ गया। इससे दोनों बाइक आपस में भिड़ गईं। गति तेज होने की वजह से बाइक सवार चारों लोग घायल हो गए। दुर्वेश का पैर भी टूट गया।
चश्मदीद की मानें तो टक्कर के बाद एक बाइक तो खाई में गिर गई। घायलों को सड़क पर पड़ा देखकर लोगों ने निजी वाहन से सीएचसी पर पहुंचा दिया। सूचना के बाद उनके घरवाले भी पहुंच गए। डॉक्टर ने घायलों की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल रैफर कर दिया।