उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र में अटेना गंगा घाट पर स्नान करने आए फर्रुखाबाद के पांच युवक गहरे पानी में बह गए, जिनमें तीन युवकों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि 18 वर्षीय अनमोल और 18 वर्षीय सचिन की गंगा में डूबकर मौत हो गई। दोनों युवकों के शव बाहर निकाल लिए गए हैं। पुलिस ने उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसा रविवार शाम करीब पांच बजे हुआ। बताया जा रहा है कि उस वक्त फर्रुखाबाद जिले के कंपिल निवासी सोहेल (18) पुत्र राजकुमार, रिंकू (19) पुत्र राजेंद्र, सौरभ (18) पुत्र रघुनंदन राठौर, अनमोल (18) पुत्र बल्ली और ग्राम इतौआ निवासी सचिन (18) पुत्र अमर सिंह गंगा स्नान करने उसहैत के अटेना घाट आए थे। बताते हैं कि वह शाम के समय गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान पांचों युवक गहरे पानी में बह गए। उन्हें देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। कुछ लोग उन्हें बचाने के लिए गंगा में कूद गए। उसी समय गोताखोर भी आ गए और उन्हें बचाने में जुट गए। कुछ ही देर में गोताखोरों ने सोहेल, रिंकू और सौरभ को गंगा नदी से सुरक्षित निकाल लिया लेकिन सचिन और अनमोल का पता नहीं चल सका। इसकी सूचना पर उसहैत थाना पुलिस आ गई। इसके बाद अभियान चलाकर दोनों युवकों को गंगा में तलाश कराया गया। देर शाम अनमोल और सचिन के शव गंगा से निकाल लिए गए। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। इसकी सूचना पर युवकों के परिवार वाले भी अटेना घाट पहुंच गए।