मृतक जितेंद्र कुमार वर्मा।(फाइल फोटो)
- फोटो : BADAUN
उझानी (बदायूं)। कांवड़ियों के दो वाहनों की भिड़ंत में कार सवार बदायूं निवासी जितेंद्र कुमार वर्मा की मौत हो गई। वह परिवार के साथ कछला से गंगाजल लेकर घर लौट रहे थे। हादसे में उनके बेटे के चोट आई है। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव का पोस्टमार्टम कराया है।
हादसा रविवार रात करीब 11 बजे हुआ। मृतक जितेंद्र कुमार वर्मा (50) पुत्र स्व. विवेक कुमार बदायूं सिविल लाइंस क्षेत्र में मंडी समिति के पास दुर्गा कॉलोनी के निवासी थे। वह पत्नी जूली और बच्चों के साथ कार से रविवार शाम को कछला गंगाघाट पर गए। जल भरकर लौटते समय उनकी कार को सामने से आ रहे कांवड़ियों के एक ट्रैक्टर ने चपेट में ले लिया। कार जितेंद्र ही चला रहे थे। ट्रैक्टर की टक्कर लगते ही वह ड्राइविंग सीट पर ही फंस गए। चीख पुकार के बीच कांवड़ियों ने ही उन्हें कार से बाहर निकाला। देर रात ही परिवार के लोग उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले आए। हालत नाजुक बताते हुए चिकित्साधिकारी आकांक्षा निधि ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में जितेंद्र ने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि जितेंद्र प्राइवेट जॉब करते थे। उनके बेटे अंश के चोट आई है। कार में बच्चों समेत छह लोग सवार थे लेकिन अंश के अलावा किसी और के खरोंच तक नहीं आई है। पुलिस ने धर्मेंद्र की तहरीर पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-
बाइक फिसलने और डीजे से गिरने पर किशोरी समेत आठ कांवड़िये घायल
उझानी। रविवार रात से सोमवार तड़के तक हुए विभिन्न हादसों में बरेली निवासी किशोरी समेत आठ कांवड़िये घायल हो गए।
पहला हादसा मेन मार्केट में पंजाबी कॉलोनी मोड़ के पास रविवार देर शाम हुआ। अहीरटोला मोहल्ला निवासी राजेश कुमार (30) ट्रॉली से सड़क पर गिर पड़ा। उसका सिर लहूलुहान हो गया। देर शाम कछला के पास बाइक फिसलने से उसावां थाना क्षेत्र के गांव सोंधामई निवासी रंजीत सिंह, सुखवीर सिंह, प्रेमपाल और अरविंद कुमार घायल हो गए। तीनों का यहां लाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र के गांव गिरधरपुर निवासी कांवड़िया धरम सिंह (30) की बाइक दिल्ली रोड पर मेंथा फैक्टरी के सामने डिवाइडर से टकरा गई। हेलमेट नहीं लगाए होने की वजह से उसके सिर में चोट आई है। वितरोई मोड़ के पास पिकअप पर लगा डीजे साउंड सिस्टम गिर जाने से बदायूं में जवाहरपुरी निवासी यश कुमार घायल हो गया। एक अन्य हादसे में बरेली के बारादरी इलाके की ईषिका (14) पुत्री मोनू वर्मा ट्रैक्टर से गिर कर जख्मी हो गईं।
-
तमंचा लेकर घाट पर पहुंचा बदायूं का युवक दबोचा
उझानी। कांवड़ यात्रा के दौरान 26 जुलाई को बदायूं के लोची नगला निवासी अरविंद पुत्र विशाल सिंह की साथी कांवड़िये से कहासुनी हो गई थी। रविवार शाम अरविंद को जब यह पता लगा कि वही युवक गंगाघाट से जल लेने गया तो वह घर से तमंचा लेकर निकल पड़ा। घाट पर रेलवे पुल के पास उसकी तलाश में घूम रहे अरविंद पर किसी कांवड़िये की नजर पड़ गई। उसने पुलिस बुला ली। तलाशी के दौरान उसके थैले में तमंचा और दो कारतूस निकले। पूछताछ के दौरान अरविंद ने हकीकत भी बयां कर दी।