राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार कराते कांवड़िया। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर के बाईपास पर शुक्रवार रात कछला जल भरने जा रहे आंवला के कांवड़ियों की ट्रॉली सोत नदी के ढलान पर पलट गई। इसमें पांच कांवड़िये घायल हो गए। एक कांवड़िये को बरेली तो अन्य को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बरेली में आंवला कोतवाली क्षेत्र के गांव बझेड़ा निवासी कांवड़ियों का जत्था शुक्रवार रात कछला जल भरने जा रहा था। बताते हैं कि बझेड़ा के प्रधान रंजीत यादव का बेटा वीरपाल यादव अपनी ट्रैक्टर ट्रॉली लाया था। उसी पर उन्होंने डीजे बांध लिया था। कांवड़ियों का जत्था बाईपास की सोत नदी पर पहुंचा था। तभी पुल से उतरने के दौरान ट्रॉली पलट गई। हादसे में रुकुम पाल (18), विपिन कुमार (14), वीरपाल यादव (20), सुरजीत (20) और अतुल (15) घायल हो गए। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस आ गई। फिर सभी कांवड़ियों को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां से सुरजीत को गंभीर हालत बताते हुए बरेली रेफर कर दिया गया। इस हादसे की सूचना मिलते ही बझेड़ा प्रधान रंजीत और उनके गांव के तमाम लोग आ गए। उन्होंने ट्राली सीधी कराई। उसके बाद अन्य कांवड़िया जल भरने के लिए कछला रवाना हो गए।