दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव ढिलवारी में शनिवार शाम बंदर की घुड़की से डरकर छत से गिरी मुस्कान की मौत हो गई। दोपहर के समय बंदर उसके पति की पैंट ले गया था। उसे छीनने के लिए वह छत पर चढ़ी थी।
ग्राम ढिलवारी निवासी मुस्कान (19) पत्नी गुड्डू शनिवार शाम करीब चार बजे अपना घरेलू काम निपटा रही थी। इसी दौरान एक बंदर उसके घर से गुड्डू की पैंट उठा ले गया और घर की छत पर बैठकर उसे फाड़ने लगा। यह देखकर मुस्कान रोटी लेकर छत की ओर भागी। परिवार वालों के मुताबिक मुस्कान ने जैसे ही छत पर रोटी डाली कि उस बंदर ने पैंट तो नहीं छोड़ी लेकिन कई और बंदर छत पर आ गए। सभी बंदर छत की मुंडेर पर बैठे हुए थे। मुस्कान उन्हें भगाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान बंदर घुड़की देते हुए उसकी ओर लपके, जिससे मुस्कान डर गई और छत से नीचे आ गिरी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार वाले तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। गांव के बुजुर्ग फारूख अली ने बताया कि उनके गांव में करीब पांच सौ से ज्यादा बंदर हैं। लोगों का खाना पीना तक मुश्किल हो गया है। बाहर कपड़े सुखाना खतरे से खाली नहीं है। तमाम लोग घायल हो चुके हैं।
-
बृहस्पतिवार को छत से गिरीं थीं दो महिलाएं
ग्राम ढिलवारी में बृहस्पतिवार को दो महिलाएं छत से गिर गईं थीं। बताया जा रहा है कि नाजिला पत्नी शाहिद अली और सीमा पत्नी जहूर हसन के भी कपड़े बंदर ले गया था। उन्होंने भी छत पर चढ़कर कपड़े छीनने की कोशिश की थी। वह बंदर की घुड़की से डर गईं थीं और छत से गिरकर घायल हो गईं। दोनों महिलाओं का अलग-अलग अस्पताल में इलाज चल रहा है।