बदायूं। उघैती थाना क्षेत्र के टेहरा गांव में पिकअप की टक्कर से दो वर्षीय साक्षी की मौत हो गई। वह मोहल्ले के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी तभी तेज रफ्तार में आई पिकअप ने टक्कर मार दी। इसमें दो बच्चे बाल-बाल बच गए। ड्राइवर पिकअप लेकर भाग गया।
संभल जिले में जुनावई थाना क्षेत्र के गांव अजमेरी नगला निवासी साक्षी पुत्री भूपेंद्र होली पर अपनी मां पिंकी के साथ ननिहाल टेहरा गांव आई थी। साक्षी बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे अपनी ननिहाल में घर के बाहर खेल रही थी। उसके साथ मोहल्ले के कई और बच्चे थे। परिवार वालों के मुताबिक उसी समय तेज रफ्तार में सहसवान की ओर जा रही पिकअप ने साइड में आकर बच्ची को टक्कर मार दी। इससे वह काफी दूर जा गिरी। सिर में चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो बालक बाल-बाल बच गए। हादसे को देखकर तमाम लोग दौड़ पड़े लेकिन तब तक ड्राइवर पिकअप को लेकर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालिका के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। परिवार वालों की तहरीर पर पिकअप नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद