कछला पुल पर पलटी कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास जुटे लोग। संवाद
- फोटो : BADAUN
उझानी/कछला (बदायूं)। कछला पुल पर शनिवार सुबह अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। उसके पीछे चालक कार पर काबू पाता, उससे पहले ही वह ट्रॉली से भिड़कर पलट गई। यह देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। ट्रैक्टर चालक और उसके दोस्त के अलावा कार सवार बालिका घायल हो गई। पुलिस ने घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया है।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कटइया केसर निवासी बाबू के ट्रैक्टर को पड़ोसी गांव सबदलपुर का शकील चलाता है। वह पड़ोसी जिले कासगंज से भूसा लोड कराने के लिए सबदलपुर से अपने दोस्त सुशील कुमार के साथ निकला। पुल पर अचानक ही सामने से बाइक सवार आ गया। उसे बचाने की कोशिश में शकील ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रॉली समेत ट्रैक्टर पलटने से दोनों उसके नीचे दब गए। उसी दौरान पीछे से कार भी टकराकर पलट गई। कार में आजमगढ़ निवासी आशीष कुमार का परिवार था। आशीष इफको आंवला में नौकरी करते हैं। आशीष की चार वर्षीय बेटी गुड़िया घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे शकील और सुशील को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचा दिया। आशीष ने पुलिस को बताया कि कार के एयर बैग खुल जाने से ही उसके परिवार के चारों सदस्यों की जान बच गई। गुड़िया के अलावा कार सवार किसी के भी चोट नहीं आई है। पुल पर दोनों वाहन पलटने से करीब आधा घंटे तक आवागमन भी प्रभावित रहा। इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद शकील और सुशील को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। संवाद